WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

तेल मिलों की मांग बनी रहने से दूसरे दिन सरसों के भाव तेज, दैनिक आवक स्थिर

तेल मिलों की मांग बनी रहने से दूसरे दिन सरसों के भाव तेज, दैनिक आवक स्थिर

नई दिल्ली। तेल मिलों की मांग बनी रहने से घरेलू बाजार में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन सरसों के भाव तेज हुए। जयपुर में कंडीशन की सरसों के भाव में 50 रुपये की तेजी आकर दाम 5,500 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। इस दौरान सरसों की दैनिक आवक 15.25 लाख बोरियों की के पूर्व स्तर पर स्थिर बनी रही। विश्व बाजार में आज सुबह के सत्र में खाद्वय तेलों की कीमतों में तेजी आई थी, लेकिन मुनाफावसूली से शाम के सत्र में दम कमजोर हो गए। मलेशियाई पाम तेल की कीमतों में शाम को नरमी आई, साथ ही शिकागो में सोया तेल के भाव भी शाम के सत्र में कमजोर हुए। जानकारों के अनुसार मलेशिया से मार्च में पाम तेल का निर्यात बढ़ा है, लेकिन पाम के मुकाबले अन्य खाद्वय तेल सस्ते हैं। इसलिए इसकी कीमतों में अभी सीमित तेजी, मंदी बनी रह सकती है। घरेलू बाजार में सरसों तेल की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी आई तथा इस दौरान सरसों खल के भाव में हल्का सुधार आया।
उत्पादक मंडियों में गुरुवार को सरसों की दैनिक आवक लगभग स्थिर बनी रही। व्यापारियों के त्योहारी सीजन होने के साथ ही मार्च क्लोजिंग के कारण अभी व्यापार सीमित मात्रा में होगा। हालांकि उत्पादक राज्यों में मौसम साफ बना रहा तो सरसों की दैनिक आवक बराबर बनी रहने की उम्मीद है। चालू रबी में सरसों का उत्पादन अनुमान ज्यादा है तथा किसान माल नहीं रोक रहे हैं। दैनिक आवकों का देखते हुए तेल मिलें भी केवल जरुरत के हिसाब से ही खरीद कर रही हैं। हालांकि खपत का सीजन होने के कारण सरसों तेल में मांग अभी बनी रहेगी, लेकिन इसकी कीमतों में तेजी, मंदी काफी हद तक आयातित खाद्वय तेलों के दाम पर ही निर्भर करेगी।
मलेशियाई एक्सचेंज में पाम तेल की कीमतों गुरुवार को सुबह के सत्र में तेजी आई थी, लेकिन शाम के सत्र में इसके भाव नरम हो गए। बर्सा मलेशिया डेरिवेटिव्स (बीएमडी) एक्सचेंज पर जून डिलीवरी पाम तेल वायदा अनुबंध में 23 रिगिंट की गिरावट आकर भाव 4,249 रिंगिट प्रति टन रह गए। इस दौरान शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड पर सोया तेल की कीमतें 0.04 फीसदी तक कमजोर हुई।


व्यापारियों के अनुसार वास्तव में क्रूड पाम तेल की मांग इतनी अच्छी नहीं है, लेकिन इसके दाम अन्य खाद्वय तेलों की तुलना में कई जगह सस्ते हैं। हालांकि इसकी कीमतों में तेजी स्थिर बनी तभी रह सकती है, जबकि अन्य खाद्वय तेलों के दाम तेज हो। कार्गो सर्वेक्षक इंटरटेक टेस्टिंग सर्विसेज और एमस्पेक एग्री के अनुसार 1-20 मार्च के दौरान मलेशियाई पाम तेल उत्पादों का निर्यात पिछले महीने की समान अवधि की तुलना में क्रमशः 7.4 फीसदी और 16.3 फीसदी बढ़ा है। जयपुर में सरसों तेल कच्ची घानी और एक्सपेलर की कीमतों में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन तेजी आई। कच्ची घानी सरसों तेल के भाव 14 रुपये तेज होकर दाम 1,050 रुपये प्रति 10 किलो हो गए, जबकि सरसों एक्सपेलर तेल के दाम भी 14 बढ़कर भाव 1,040 रुपये प्रति 10 किलो हो गए। जयपुर में गुरुवार को सरसों खल की कीमतें 10 रुपये तेज होकर दाम 2,490 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
देशभर की मंडियों में सरसों की दैनिक आवक 15.25 लाख बोरियों की हुई, जबकि पिछले कारोबारी दिवस में भी आवक इतनी ही बोरियों की हुई थी। कुल आवकों में से प्रमुख उत्पादक राज्य राजस्थान की मंडियों में नई सरसों की 8 लाख बोरी, जबकि मध्य प्रदेश की मंडियों में 1.80 लाख बोरी, उत्तर प्रदेश की मंडियों में 1.90 लाख बोरी, पंजाब एवं हरियाणा की मंडियों में एक लाख बोरी तथा गुजरात में 65 हजार बोरी, एवं अन्य राज्यों की मंडियों में 1.90 लाख बोरियों की आवक हुई।

Leave a Comment